इस साल होली (Holi 2022) के बाद से ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। रंगों से ज्यादा लोगों के चेहरे पसीने से भीगे हुए हैं। बिहार में हर दिन तापमान (Bihar temperature) बदल रहा है।
अब तक 10 साल में ऐसा पहली बार होगा जब राज्य का अधिकतम तापमान 20 मार्च को 40 डिग्री पार हो जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक दो तरह की हवा के प्रभाव के कारण मौसम में तेजी के साथ परिवर्तन दिखाई दे रहा है।
राज्य में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार
कई घरों में तो समय से पहले ही एसी और कूलर चालू हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में पारा तेजी से चढ़ेगा।
जमुई जहां राज्य का सबसे गर्मी वाला क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वानुमान है कि आज राज्य में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो जाएगा।
दक्षिणी और पश्चिमी हवा का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में दक्षिण और दक्षिणी पश्चिमी हवा का प्रवाह सतह से 0.9 किलो मीटर पर हो रहा है। दक्षिण और दक्षिणी पश्चिमी हवा की रफ्तार 5 किलो मीटर प्रति घंटे की है।
जबकि 1.5 किलो मीटर उपर पश्चिमी एवं उत्तरी पश्चिमी हवा का भी प्रवाह बना हुआ है। इसकी गति 8 से 10 किलाे मीटर प्रति घंटे की है।
इन मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य में अगले 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा और आसमान भी साफ होगा। दिन और रात के तापमान में दिन प्रतिदिन बढ़ोत्तरी होगी। मौसमी प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में गर्मी का प्रभाव बढ़ेगा।
आसमान से 24 घंटे में बरसी आग
मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में मौसम काफी गर्म हुआ है। इस दौरान पूरे राज्य का मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। आसमान पूरी तरह से साफ रहा।
इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सहरसा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस जमुई में रिकार्ड किया गया, जबकि औसत अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का अधितम तापमान ऐसे ही बढ़ता जाएगा।
पटना में सुबह से ही उमस वाली गर्मी
रविवार को सुबह से ही पटना में उमस वाली गर्मी पड़ रही है। सुबह 7 बजे ही पारा 26 डिग्री के आस पास पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक इस गर्मी में चिपचिपाहट होगी।
इसमें प्यास अधिक लगती है। ऐसे में लोगो को पानी को लेकर हमेशा गंभीर रहना चाहिए। पानी की कमी शरीर में नहीं हो इसका ध्यान रखना चाहिए।
मौसम विभाग का कहना है कि दिन मतें पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो सकता है। राज्य में जमुई का तापमान 39.9 डिग्री है, रविवार को पारा 40 पार होने का पूर्वानुमान है।
Comment here