अरवल में पत्नी ने मायके और ननिहाल से मिली लाखों की संपत्ति पति के नाम नहीं की तो उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। जिस ट्रॉली बैग को उसने घूमने-फिरने के लिए खरीदा था, उसी में शव रख 35 किमी दूर फेंक दिया। करपी थाना क्षेत्र के रामगढ़ माली गांव के बधार में बुधवार की रात ट्रॉली बैग में महिला का शव मिला। गुरुवार की सुबह शव की पहचान सावित्री देवी के रूप में की गई। महिला की ससुराल कलेर के बुलाकी बीघा गांव में है। जबकि मायका मधुश्रवा मठिया में है।
पुलिस के अनुसार शादी के बाद पति मिहिर कुमार के साथ संपत्ति को लेकर सावित्री का विवाद चल रहा था। सरवां गांव निवासी सावित्री के ममेरे भाई राजनंदन ने पुलिस को बताया कि मिहिर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सावित्री की हत्या की है। मिहिर अरवल ब्लॉक में रोजगार सेवक है। राजनंदन के बयान पर मिहिर समेत अन्य पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
बोकारो में नौकरी करते थे सावित्री के पिता, उसके नाम से ले रखी थी जमीन
सावित्री के पिता बोकारो में नौकरी करते थे। वह पिता की इकलौती संतान थी। बोकारो में पिता ने उसके नाम से जमीन खरीदी थी। इकलौती संतान होने के कारण बैंक बैलेंस भी था। पति बैंक में जमा राशि को निकालकर देने का दबाव बनाता था। ग्रामीणों ने दोनों बैदराबाद में मकान बनाकर रहते थे। उनका एक 10 साल का लड़का भी है। दोनों की 2010 में शादी हुई थी।
कभी डोली में बिठाकर लाया था…शव 35 किमी दूर छोड़ आया
शव को 35 किमी दूर ले जाकर पति जलाने की तैयारी कर रहा था, तभी ग्रामीण बाइक की लाइट देख पहुंचे। पति शव को ट्रॉली बैग में ही छोड़ भागा। साथ कई सहयोगी भी थे।
Comment here