AccidentADMINISTRATIONAUTOMOBILESBankBreaking NewsBUSINESSCRIMEDELHI

बिहार में गर्मी से बुरा हाल, लू को लेकर अलर्ट, 25 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा

बिहार में पछुआ की तेज रफ्तार से लू जैसे हालात, सामान्य से पांच डिग्री तक ऊपर है अधिकतम पारा, एक हफ्ते में सामान्य के आसपास आ जाएगा पारा : राज्य के दो दर्जन से अधिक जिलों में पछुआ की रफ्तार बढ़ने और तेज धूप होने से लू जैसे हालात बने हैं। शनिवार को शेखपुरा और बांका राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां 39.3 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को पछुआ अधिकतम 25 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बह सकती है। राज्य में कई जगहों पर लू के झकोरे देखने को मिलेंगे। मध्य बिहार और झारखंड से सटे जिलों में लू जैसी परिस्थितियां रहेंगी। शनिवार को पटना सहित कई जगहों पर 12 से 14 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवा बही।

Sponsored

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से राज्य के उत्तरी और पूर्वी भाग में पुरवा हवा का प्रभाव बन जाएगा। इसके बाद राज्य के अन्य हिस्सों में भी धीरे-धीरे पुरवा पांव पसारेगी, जिसके बाद तापमान में गिरावट के आसार हैं। राज्य के पूर्वी भाग में 29 और 30 मार्च को बूंदाबांदी के भी आसार जताए गए हैं। पटना सहित राज्य में कई जगहों पर शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। पटना का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री, गया का 36.8 डिग्री, भागलपुर का 38 डिग्री, पूर्णिया का 36.4 डिग्री, जमुई का 38.3 डिग्री, बक्सर का 38.8 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। तापमान के सामान्य से लगातार ऊपर रहने की वजह से पटना में भी लू जैसी परिस्थितियां रहीं। भोजपुर, वैशाली, कटिहार, नालंदा और नवादा में भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

Sponsored

बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों में मौसम सिस्टम के बदलाव और एक ट्रफ लाइन के बनने से बिहार के मौसम में एक हफ्ते में बदलाव दिखेगा। पुरवा हवा बहेगी और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास आ जाएगा। इससे भारी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

Sponsored

Comment here