BIHAR

NDA में शामिल होते ही बोले मुकेश सहनी, कहा- ‘महागठबंधन ने छुरा घोपा, मोदी ने मरहम लगाया’

Editor
By Editor On October 7, 2020
1 min read 1.2k views

पटना. बिहार बीजेपी  (BJP) ने विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को अपने कोटे से 11 विधानसभा सीटें देने का ऐलान कर दिया है. वीआईपी को केवटी, सिमरी बख्तियारपुर, ब्रह्मपुर, अलीनगर, गौरा बौराम, सुगौली, बलरामपुर, साहेबगंज, बनियापुर, बोचहा और कोचस सीट दे दी गई है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल (Dr Sanjay Jaisawal) ने एक प्रेस वार्ता में इस बात का ऐलान किया. इस मौके पर वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने कहा कि मुझे खुशी है कि मैं आज एनडीए (NDA) में हूं. हमने पहली बार राजनीति में पैर रखा तो अतिपिछड़ा के बेटे नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को प्रधानमंत्री बनाने के लिए मेहनत की. मैं अपने पुराने घर में पहुंच गया हूं.

मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन में रणनीति का अभाव है और महागठबंधन के मन में पहले से छल था. अतिपिछड़ा के बेटे के पीठ में ख़ंजर भोंका गया, लेकिन नरेंद्र मोदी ने मल्लाह के बेटे के पीठ में मरहम लगाया.  इस मौके पर डिप्टी सीएम व भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि हमने हमेशा अतिपिछड़ो को सम्मान दिया है जबकि राजद और कांग्रेस ने हमेशा अतिपिछड़ों को ठगने का काम किया है.

बता दें कि मुकेश सहनी ने सीट शेयरिंग में बात नहीं बनने पर हाल में ही महागठबंधन का साथ छोड़ा था जिसके बाद वे दिल्ली चले गए थे. वहां उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बात करने के बाद एनडीए में शामिल होने का फैसला किया. लोजपा के एनडीए से बाहर जाने की स्थिति में मुकेश सहनी को 11 सीटें देने का ऐलान भी बीजेपी की ओर से किया गया है. जाहिर है आने वाले चुनाव में मुकेश सहनी के एनडीए में आने से कुछ हद तक लोजपा की कमी की भरपाई हो सकेगी.

गौरतलब है कि मंगलवार को भाजपा-जेडीयू ने सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया. इसके तहत जेडीयू 122 और बीजेपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. जेडीयू यहां अपने कोटे से जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 7 सीटें दे दी है तो बीजेपी ने अपने कोटे से मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी को 11 सीटें देने का ऐलान किया है.

input: news18

Editor

Editor

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment