BIHAR

बिहार में बेटी के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर मां की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी हुआ फरार

Swaraj Shrivastava
By Swaraj Shrivastava On March 3, 2021
1 min read 1.2k views

राजधानी पटना (Patna) में अपराधी पूरी तरह बेलगाम और बेखौफ हो गए हैं. ताजा मामला फतुहा थाना क्षेत्र के जग्गू बीघा गांव का है, जहां छेड़खानी का विरोध किए जाने पर पड़ोसी ने ही नाबालिग लड़की की मां की गोली मारकर हत्या (Murder In Patna) कर दी. गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए फतुहा पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

 

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. मृतका की पहचान फतुहा थाना क्षेत्र के जग्गू बिगहा निवासी ललन यादव की पत्नी आशा देवी के रूप में की गई है. बताया जाता है कि दो दिन पूर्व ललन यादव की नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही चंदन कुमार ने छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया था, जिस मामले को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच झगड़ा हुआ था.

 

बीते रात भी इसी मामले को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच एक बार फिर से नोकझोंक हुई थी और आज सुबह असामाजिक तत्वों ने लल्लन यादव के घर पर चढ़कर गोलीबारी शुरू कर दी, जिस में गोली लगने से लल्लन की पत्नी आशा देवी की मौत हो गई. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा भी बरामद किया गया है . पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि मुख्य आरोपी चंदन कुमार फरार बताया जाता है.

 

 

 

पुलिस मुख्य आरोपी चंदन की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है. घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतका के पति लल्लन यादव और पुत्र रहीस कुमार ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले विनय कुमार का पुत्र चंदन कुमार द्वारा छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया गया था, जिस बात का उन लोगों ने विरोध किया था. परिजनों ने बताया कि लोक लाज को लेकर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी, और आज सुबह अपराधियों ने उनके घर पर चढ़कर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे गोली लगने से आशा देवी की मौत हो गई.

 

पीड़ित परिवार ने पुलिस के समक्ष सभी अपराधियों के नाम गिनाए हैं. पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है. घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा है.

Swaraj Shrivastava

Swaraj Shrivastava

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment