BIHAR

सारण के प्रभारी मंत्री Sumit कुमार सिंह ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ की Virtual मीटिंग

Swaraj Shrivastava
By Swaraj Shrivastava On May 27, 2021
1 min read 1.2k views

सारण के प्रभारी मंत्री सह राज्य के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने गुरुवार को वर्चुअल मीटिंग करके सारण जिले के वरीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से बातचीत की तथा कोरोना संकट में जिले का हालचाल जाना इस दौरान कई सारे मामले भी आए जिसका उन्होंने त्वरित निष्पादन करने का आश्वासन भी दिया।

 

प्रभारी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और आमजनों के सहयोग से बिहार आपदा से उत्पन्न स्थिति का डटकर मुकाबला कर रहा है। सरकार संसाधनों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने देगी। कहीं कोई कमी या परेशानी न हो इसके लिए हमलोग लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं।इसी क्रम में आज सारण जिला के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ कोरोना रोकथाम के लिए वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। जिला प्रशासन ने अब तक बहुत तत्परता से अपने दायित्व का निर्वहण किया है। मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि मैंने उन्हें तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर और बेहतर करने को प्रेरित किया। कोरोना से मृत लोगों के आश्रितों को तत्काल अनुग्रह राशि के तहत चार लाख दिया जाए। मेरी जानकारी में सारण जिला प्रशासन का इसमें बेहतर रिकॉर्ड है। उसे और तीव्र गति दें। प्रशासन के पास कोरोना से मृत लोगों की सूची हैं। प्रशासन अविलंब मृतक के निकटतम परिजन को सहायता राशि प्रदान करें।

 

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकारी राशि पर पहला अधिकार पीड़ित जनता का हैं। मुख्यमंत्री का यही दर्शन रहा है। सरकार जनता की सेवक हैं। प्रशासन कोरोना पीड़ित परिवार को हरसंभव सुविधा मुहैया कराए। प्रशासन मास्क वितरण के कार्यों में तेजी लाए। गांव-गांव को सेनेटाइज किया जाए। सारण के जिलाधिकारी को जिले में दवा, बेड और ऑक्सीजन सहित तमाम आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता निरंतरता के साथ सुनिश्चित करने के लिए सघन निगरानी करने को कहा। जिले में टेस्टिंग और टीकाकरण की अच्छी गति है इस काम में और तेजी लाएं। गांव-गांव कैम्प लगाकर लोगों को कोरोना का टीका दिया जाए।

 

वहीं जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित जिला होने के कारण सारण जिले में इस दिशा में तैयारी पर बल दिया। सुमित कुमार सिंह ने जिला प्रशासन को इस बारे में उच्चतम प्राथमिकता के साथ कार्य करने को निर्देशित किया। पत्रकारों को उन्होंने बताया कि बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कई और आवश्यक एवं सार्थक सुझाव दिये। प्रभारी मंत्री होने के नाते हमने जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन एवं पुलिस अधीक्षक को उन सुझावों के आलोक में विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ताकि जिले के लोगों को महामारी के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

 

समीक्षा बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी , महराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल , बनियापुर के विधायक केदारनाथ सिंह एकमा के विधायक श्रीकांत यादव, छपरा के विधायक डॉ सी. एन. गुप्ता , तरैया के विधायक जनक सिंह , मढौरा के विधायक जितेंद्र कुमार राय परसा के विधायक छोटे लाल राय सोनपुर के विधायक डॉ रामानुज प्रसाद, विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव , सुनील कुमार सिंह सारण जिला परिषद अध्यक्ष मीना अरुण के अलावा सारण जिला के प्रमुख पदाधिकारी डीएम नीलेश देवड़े, एसपी संतोष कुमार , सिविल सर्जन डॉ० जनार्दन प्रसाद सुकुमार आदि उपस्थित थे।

Swaraj Shrivastava

Swaraj Shrivastava

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment