BIHAR

Bihar में अब सबकुछ खुलेगा, कोरोना संक्रमण थमने के बाद नीतीश सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Editor
By Editor On August 25, 2021
2 min read 1.2k views

बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद अब नीतीश सरकार ने बड़ा फैसला किया है. अब से थोड़ी देर पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना की स्थिति को लेकर हाई लेवल मीटिंग की है. इस मीटिंग में सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अब सबकुछ खोलने का फैसला किया है. कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार को देखते हुए सभी दुकाने, प्रतिष्ठान, शॉपिंग मॉल, पार्क, उद्यान और धार्मिक स्थल सामान्य रूप से खोलने का फैसला किया गया है.




मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट करते हुए खुद इसकी जानकारी दी है. सीएम नीतीश ने कहा है कि कोरोना की स्थिति की समीक्षा की गई. जिसके बाद यह फैसला लिया गया है. जिला प्रशासन की अनुमति से अब सभी प्रकार के सामाजिक, राजनैतिक, मनोरंजन, खेलकूद, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन किए जा सकेंगे. हालांकि इसके लिए आवश्यक सावधानियां बरतनी जरूरी होगी.


इतना ही नहीं सरकार ने यह भी फैसला किया है कि अब विश्वविद्यालय, कॉलेज ,तकनीकी शिक्षण संस्थान और पहली से लेकर 12वीं तक के स्कूलों के साथ-साथ कोचिंग संस्थान भी सामान्य रूप से खुलेंगे. राज्य के विश्वविद्यालयों कॉलेजों विद्यालयों की तरफ से परीक्षाएं भी आयोजित की जा सकेंगी.


इसके अलावा सरकार ने 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ सिनेमा हॉल, क्लब, जिम, स्विमिंग पूल, रेस्टोरेंट और खाने की दुकान जिसमें ग्राहक आकर भोजन करते हैं, ऐसे प्रतिष्ठानों को खोलना मुमकिन हो पायेगा. हालांकि नीतीश कुमार ने कहा है कि तीसरे लहर की संभावना के मद्देनजर सभी बिहारियों को कोविड-19 का पालन करना होगा. साथ ही साथ सावधानी भी बरतनी होगी.

Input: FirstBihar

Editor

Editor

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment