BIHAR

अब बिहार में सत्ताधारी नेता भी ‘सुरक्षित’ नहीं, बीजेपी प्रवक्ता अजफर शम्सी को दिनदहाड़े गोली मारी… नीतीश के सुशासन को खुली चुनौती

Swaraj Shrivastava
By Swaraj Shrivastava On January 27, 2021
1 min read 1.2k views

बिहार में बेखौफ अपराधियों ने सत्ताधारी बीजेपी नेता को निशाना बनाया है। मुंगेर जिले में दिनदहाड़े बीजेपी नेता को अपराधियों ने गोली मार दी है। ये वारदात लोगों की आंखों के सामने अंजाम दी गई।

 

बीजेपी प्रवक्ता अजफर शम्सी को गोली मारी

अपराधियों ने मुंगेर के इवनिंग कॉलेज के पास घात लगाकर BJP प्रदेश प्रवक्ता प्रोफेसर अजफर शमशी को गोली मार दी है। इस वारदात को आज यानि 27 जनवरी की सुबह 11:30 बजे दिनदहाड़े अंजाम दिया गया। बीजेपी से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें एक गोली लगी है।

 

बता दें कि जब बीजेपी प्रवक्ता अजफर शम्सी पर जब गोली चलाई गई तब पटना के बीजेपी हेडऑफिस में मिलन समारोह चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर संजय जायसवाल ने पूरे मामले की जानकारी लेते हुए बिहार के डीजीपी एसके सिंघल से बातचीत कर अपराधियों जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा है।

 

ऐसे किया गया हमला

बीजेपी प्रवक्ता अजफर शम्सी मुंगेर के जमालपुर कॉलेज के प्रोफेसर भी हैं। अजफर शम्सी वारदात के वक्त अपनी गाड़ी से कॉलेज ही जा रहे थे। जैसे ही शम्सी कॉलेज के गेट पर पहुंचे तो उन्होंने ड्राइवर को वहीं गाड़ी लगाने को कहा। ड्राइवर मोहम्मद अनवर के मुताबिक जब वो गाड़ी को घुमा रहा था तभी दो बार फायरिंग की आवाज आई। इसी दौरान कॉलेज के छात्रों के बीच भी भगदड़ मच गई। अनवर ने देखा कि अजफर शम्सी जमीन पर गिरे हुए हैं।

 

बीजेपी प्रवक्ता को अपराधियों ने कनपटी में गोली मारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल अजफर शम्सी को बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने की तैयारी चल रही है। मौके पर पुलिस के आलाअफसर भी पहुंच गए हैं। अभी तक पता नहीं चला है कि वारदात की वजह क्या है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Swaraj Shrivastava

Swaraj Shrivastava

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment