BIHAR

मैट्रिक परीक्षा में पहले दिन 1239 निष्कासित, 15 फर्जी धराये, आज गणित की परीक्षा

Swaraj Shrivastava
By Swaraj Shrivastava On February 18, 2021
1 min read 1.2k views

बिहार में मैट्रिक परीक्षा बुधवार से शुरू हुई। प्रदेश भर में परीक्षा शांतिपूर्ण रही। दोनों पाली मिलाकर प्रदेश भर में राजधानी पटना समेत 18 जिलों से 1239 परीक्षार्थी निष्कासित हुए। वहीं पांच जिलों से कुल 15 फर्जी छात्र पकड़े गए। सबसे ज्यादा राजधानी पटना मेंं दोनों पालियों में 1157 परीक्षार्थी निष्कासित किए गए। इसके बाद भोजपुर 21 और मुंगेर 20 से परीक्षार्थी निष्कासित किये गये।

सुपौल और मधेपुरा से सबसे ज्यादा फर्जी छात्र पकड़े गये। इसमें सुपौल से पांच और मधेपुरा से चार फर्जी छात्र पकड़े गये। पहले दिन विज्ञान विषय की परीक्षा ली गई। दो पालियों में ली गयी परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 1525 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे।

परीक्षा के लिए 16 लाख 84 हजार 466 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। लेकिन ज्यादातर केंद्रों पर सौ से दो सौ तक परीक्षार्थियों की अनुपस्थित दर्ज की गई।

 

बुधवार को परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी अतिरिक्त प्रश्न मिलने से काफी खुश थे। परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नों की संख्या अधिक होने से प्रश्न छूटे नहीं। हर चैप्टर से प्रश्न पूछे गए थे। बिहार बोर्ड की मानें तो इस बार सौ फीसदी अतिरिक्त प्रश्नों के विकल्प छात्रों को दिए गए थे। प्रश्न पत्र 44 पृष्ठों का था। 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न के उत्तर के लिए सौ प्रश्न दिये गये थे। वहीं, लघु और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न भी दोगुने दिए गए। कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए हर केंद्र के बाहर धारा 144 लागू की गई थी।

 

पटना जिले से 1157 परीक्षार्थी निष्कासित

पटना जिले की बात करें तो दो पालियों को मिलाकर 1157 परीक्षार्थी निष्कासित हुए। कुल 74 केंद्रों पर परीक्षा हुई। प्रथम पाली में 37,335 और दूसरी पाली में 35,695 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। प्रथम पाली में 561 और दूसरी पाली में 596 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। डीपीओ श्याम नंदन ने बताया कि जिले भर में परीक्षा शांतिपूर्ण रही।

 

बोर्ड अध्यक्ष ने किया औचक निरीक्षण

बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इनमें रामलखन सिंह यादव उच्च विद्यालय पुनाईचक, राजकीय बालक प्लस टू विद्यालय शास्त्रीनगर, राजकीय बालिका आदि केंद्र शामिल हैं।

 

सामान्य रहा प्रश्न पत्र, सारे प्रश्न थे आसान

विज्ञान के सारे प्रश्न आसान थे। जहां परीक्षा देकर बाहर आए परीक्षार्थियों के चेहरे पर खुशी थी। वहीं, विषय विशेषज्ञों ने भी प्रश्न पत्र को सामान्य बताया। महादेव उच्च माध्यमिक विद्यालय खुशरूपुर की विज्ञान शिक्षिका निशी कुमारी ने बताया कि सारे प्रश्न सिलेबस से पूछे गये थे। अगर छात्र सारांश भी पढ़े होंगे तो उनसे कोई प्रश्न नहीं छूटा होगा। 80 अंकों के प्रश्न पत्र में भौतिकी, रसायनशास्त्र और जीव विज्ञान विषय की परीक्षा ली गयी।

 

आज गणित की परीक्षा

मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन गणित विषय की परीक्षा ली जायेगी। परीक्षा दो पालियों में ली जायेगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 से 12.45 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली 1.45 बजे से पांच बजे शाम तक ली जायेगी। सौ अंकों की परीक्षा में 50 अंकों के वस्तुनिष्ठ और 50 अंकों की विषयानिष्ठ परीक्षा होगी। वस्तुनिष्ठ प्रश्न का उत्तर पहले देना होगा।

 

दृष्टिहीन परीक्षार्थी देंगे गृह विज्ञान की परीक्षा

मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन दृष्टिहीन परीक्षार्थी गणित विषय के बदले गृह विज्ञान विषय की परीक्षा देंगे। गृह विज्ञान विषय के लिए सैद्धांतिक परीक्षा आयोजित की जायेगी। परीक्षा पहली पाली में ली जायेगी। बोर्ड की मानें तो दृष्टिहीन परीक्षार्थियों को निर्धारित समय में प्रति घंटा 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जायेगा।

 

प्रदेश भर से निष्कासित परीक्षार्थी की संख्या

पटना 01, नालंदा 05, भोजपुर 21, बक्सर 01, रोहतास 07, गया 01, वैशाली 07, सारण 06, सीवान 01, मधुबनी 01, समस्तीपुर 03, सहरसा 01, सुपौल 01, मधेपुरा 04, भागलपुर 01, मुंगेर 20, बेगूसराय 01

 

इन जिलों में पकड़े गये फर्जी छात्र

भोजपुर 02, गया 02, जहानाबाद 02, सुपौल 05, मधेपुरा 04

Swaraj Shrivastava

Swaraj Shrivastava

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment