BIHAR

25 जुलाई से सावन शुरू, बाबा गरीबनाथ मंदिर में लगातार दूसरे साल नही होगा जलाभिषेक

Editor
By Editor On July 16, 2021
1 min read 1.2k views

मुजफ्फरपुर शिव की उपासना का महीना सावन 25 जुलाई से शुरू हो रहा है. पहली सोमवारी 26 जुलाई को है. राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार 5 अगस्त तक मंदिर बंद रहेंगे, इसलिए लगातार दूसरे साल भी गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक नहीं होगा. जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंध कमेटी की ओर से सावन को लेकर तैयारी नहीं की गयी है. मंदिर के प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक ने कहा कि राज्य सरकार का अगला निर्देश 5 अगस्त के बाद के लिए होगा. यदि मंदिर खोलने की स्वीकृति मिलती भी है, तो जलाभिषेक नहीं हो पायेगा.




कोरोना के कारण इस बार भी श्रावणी महोत्सव पर ग्रहण लग गया है. महोत्सव नहीं होने का असर यहां के कारोबारियों में भी दिख रहा है. फूल, प्रसाद, कांवर और हैंडलूम विक्रेताओं में निराशा है. फूल विक्रेता गुड्डू ने बताया कि सावन के पूरे महीने में गेंदा और गुलाब की अच्छी बिक्री होती थी. इसके लिए एक महीने पहले से ही हमलोग तैयारी करते थे. लोकल माली को एडवांस देकर रखते थे.


कोलकाता से भी गेंदा का फूल मंगवाते थे, लेकिन पिछले दो साल से सब ठप पड़ गया है. हैंडलूम विक्रेता संजय अग्रवाल ने कहा कि सावन में कपड़े का व्यवसाय मंदा हो जाता था, लेकिन हैंडलूम का कारोबार अच्छा चलता था. हमलोग बोल बम लिखा हुआ प्रिंटेड गंजी मंगवाते थे, इसकी बिक्री खूब होती थी, लेकिन सारा कुछ कोरोना की भेंट चढ़ गया है.

Editor

Editor

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment