मुजफ्फरपुर के मुसहरी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) संतोष कुमार दोनों हाथों से रुपए कमा नहीं, लूट रहे थे। सरकारी नौकरी करते हुए खुद तो करोड़पति बने ही, अपनी पत्नी ममता कुमारी को भी करोड़पति बना दिया। बिहार के साथ-साथ दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में जमीन, फ्लैट और दुकान खरीदा। कुल 14 संपत्ति इन्होंने खरीदी है, इसमें अधिकांश पत्नी के नाम पर है। भ्रष्टाचार में लिप्त इस सरकारी पदाधिकारी के काले कारनामों का पता निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को चला था। इसके बाद टीम ने जांच की। DSP राजीव कुमार सिंह के अनुसार, करीब 4.5 करोड़ से अधिक की संपत्ति मिली है।
1 अप्रैल को पटना स्थित निगरानी थाना में 2.42 करोड़ रुपए के आय से अधिक संपत्ति की FIR नंबर 16/2022 दर्ज की गई। इसके बाद टीम ने शनिवार को संतोष कुमार के हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के ठिकानों पर छापेमारी की। हाजीपुर स्थित घर से भ्रष्टाचार के जो सबूत मिले उसे देख निगरानी के अफसर भी दंग रह गए। छापेमारी में जो चल-अचल संपत्ति मिली, उसके अलावा संतोष कुमार ने हाजीपुर सदर के बुद्धा कॉलोनी में 4 मंजिला एक आलीशान घर भी बनवा रखा है। वह किस तरह से अवैध कमाई कर रहे थे? इस बात की पड़ताल की जा रही है। इनके ऊपर अब भ्रष्टाचार व आय से अधिक संपत्ति का केस चलेगा।
छापेमारी के दौरान क्या मिला
- 13.70 लाख कैश
- 13 लाख रुपए का हीरे का जेवर
- 1 किलो से अधिक के सोने के जेवरात
- सवा किलो से अधिक चांदी के जेवरात
- पोस्ट ऑफिस से खरीदा गया 9.80 लाख का किसान बिका पत्र
- खुद के और फैमिली वालों के नाम पर 25 लाख की पॉलिसी के पेपर
- मुजफ्फरपुर पोस्ट ऑफिस के PPF अकाउंट में पत्नी ममता कुमारी के नाम पर 37 लाख जमा होने के सबूत
बैंक अकाउंट में 1.31 करोड़ रुपए हैं जमा
- SBI के खुद के अकाउंट 64 लाख रुपए जमा मिले हैं।
- SBI के अकाउंट में पत्नी के नाम से 19 लाख जमा मिला।
- HDFC में खुद के और पत्नी के नाम से ज्वाइंट अकाउंट खुलवा रखा है, इसमें भी 19 लाख रुपए कैश मिला।
- ICIC में भी खुद के और पत्नी के नाम से ज्वाइंट अकाउंट खुलवा रखा है, इसमें भी 11 लाख रुपए कैश मिला।
- इंडियन बैंक में खुद के नाम से खुलावाए अकाउंट में 8 लाख रुपया जमा मिला।
- खुद के और पत्नी के नाम से अलग-अलग जगहों पर कुल 10 लाख रुपए का इंवेस्टमेंट कर रखा है।
खुद से ज्यादा पत्नी के नाम पर खरीदी संपत्ति
- 20 लाख से अधिक रुपए खर्च कर पत्नी ममता कुमारी के नाम पर 7.25 डिसमिल जमीन मुजफ्फरपुर के मुसहरी में खरीदा।
- 4.10 लाख रुपए खर्च कर पत्नी के नाम पर पटना के फुलवारी शरीफ में 13.12 डिसमिल जमीन लिया।
- 51 हजार रुपए में पत्नी के नाम पर पटना के ही फुलवारी शरीफ 9.1 डिसमिल खरीदा।
- 1 लाख से अधिक रुपए में पत्नी के नाम पर पटना के ही फुलवारी शरीफ में 18.25 डिसमिल जमीन ली।
- 1 लाख रुपए से अधिक खर्च कर खुद के नाम पर सोनपुर में 15.8 डिसमिल जमीन खरीदा।
- 18 लाख रुपए खर्च कर पत्नी के नाम पर हाजीपुर के आदलवारी में 2.68 डिसमिल जमीन खरीदा।
- 40.36 लाख में हाजीपुर के आदलवारी में ही पत्नी के नाम पर 6.75 डिसमिल जमीन खरीदा।
- 1.38 लाख रुपए खर्च कर पत्नी के नाम पर हाजीपुर के हथसरगंज गौसमर में 1 डिसमिल जमीन लिया।
- 5 लाख से अधिक खर्च कर हाजीपुर के हथसरगंज गौसमर में पत्नी के ही नाम पर 7 डिसमिल जमीन लिया।
- 66.81 लाख रुपए खर्च कर पत्नी के नाम पर मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित ग्रैंड मॉल में दुकान लिया।
- 41.31 लाख रुपए खर्च कर मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित ग्रैंड मॉल में ही पत्नी के नाम पर दूसरी दुकान ली।
- 26 लाख रुपए खर्च कर पत्नी के नाम पर गुरुग्राम के एक्सप्रेस वे टावर में फ्लैट खरीदा।
- 17.43 लाख रुपए में पत्नी के नाम पर दिल्ली में DDA का एक फ्लैट खरीदा।
- 21 लाख रुपए खर्च कर खुद के नाम पर नोएडा के सुपर टेक में एक फ्लैट खरीदा।
