मुजफ्फरपुर में स्कॉर्पियो लूटकर भाग रहे अपराधियो को देर रात मीनापुर के पानापुर ओपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि देर रात अपराधियो ने भागने के क्रम में कांटी पुलिस को रौंदने का प्रयास किया था। पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारते हुए अपराधी मोतिहारी की ओर भागने लगे। इसके बाद वायरलेस के जरिए पानापुर ओपी पुलिस को सूचित किया गया। जिसके बाद पुलिस ने अपराधियो की घेराबंदी की। हाईवे पर डिवाइडर लगाया गया, जिसे अपराधी तोड़कर भाग नहीं सके। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में सीवान जिले के भगवानपुर का गुड्डू व रामगढ़ चैनपुर नुनिया पट्टी निवासी आदित्य कुमार शामिल है। इनके पास से एक लूटी गई स्कॉर्पियो, एक एयर पिस्टल व मोबाइल बरामद किया गया है।
ओपी प्रभारी हरेराम पासवान ने बताया कि घटना की छानबीन की गई है। दोनों आरोपी से पूछताछ की गई है। पूछताछ में पता चला है कि पटना के बाढ़ के एक प्रखंड के मुखिया राजकुमार सिंह का स्कॉर्पियो दोनो बदमाशों ने समस्तीपुर के लिए बुक कराया था। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक को सकरा इलाके में नशीला पदार्थ खिलाकर फेंक दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो लेकर भागने लगे।
इसी बीच कांटी पुलिस चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान वह रुका नहीं। पुलिस गाड़ी को टक्कर मारते हुए भागने लगा। जिसके बाद उन्हें सूचना मिली। फिर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
