BIHAR

प्रेमी ने प्रेमिका को यमुना नदी में दिया धक्का, शादी के लिए जिद पर अड़ी थी प्रेमिका

Abhishek
By Abhishek On August 4, 2021
1 min read 1.2k views

शहर के खाताखेड़ी मोहल्ला में रहने वाला युवक विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश की युवती को शादी का झांसा देकर सहारनपुर ले आया। युवती ने शादी की जिद की तो उसे घुमाने के बहाने हथिनी कुंड बैराज पर ले गया और यमुना नदी में धक्का दे दिया। आंध्र प्रदेश पुलिस युवती की तलाश में सहारनपुर पहुंची। पुलिस ने आरोपी और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। आंध्र प्रदेश और कोतवाली मंडी पुलिस ने दोनों को साथ लेकर शव बरामदगी के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका शव नहीं मिल पाया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया दस तोला सोना भी बरामद कर लिया है। कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला खाताखेड़ी निवासी आसिफ झाड़ फूंक का कार्य करता है, और शादीशुदा है।

पिछले दिनों आंध प्रदेश के जनपद विजयवाड़ा जनपद निवासी नजीर अहमद की पुत्री तस्लीमा (24) की मुलाकात आसिफ से हैदराबाद में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और फोन पर भी बात करने लगे। कुछ दिन पहले आसिफ मानकमऊ निवासी अपने दोस्त तैय्यब के साथ तस्लीमा से दिल्ली में मिला और उसे कार से अपने साथ सहारनपुर ले आया। आसिफ ने जिले में कई स्थानों पर किराए पर मकान में तस्लीमा को रखा। युवती अपने साथ में करीब 10 तोले सोने के जेवरात भी लेकर आई थी। विजयवाड़ा में परिजनों ने तस्लीमा के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी। कॉल डिटेल के आधार पर आंध प्रदेश पुलिस सोमवार की सुबह सहारनपुर के कोतवाली मंडी पहुंची।

स्थानीय पुलिस की मदद से आसिफ और तैय्यब को पकड़ लिया गया। आसिफ ने तस्लीमा को नदी में धक्का देना स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तस्लीमा आसिफ से शादी करने की जिद कर रही थी, लेकिन वह पहले से शादीशुदा था। उसने तस्लीमा को कहा कि पहले वह अपनी पत्नी को तलाक देगा और फिर शादी करेगा। इसके बाद आसिफ ने अपने दोस्त की मदद से तस्लीमा से पीछा छुड़ाने का प्लान बनाया। आसिफ और तैय्यब युवती को हथिनीकुंड बैराज पर घुमाने ले गए। वहां पर युवती के साथ उन्होंने फोटो खींचे। इसके बाद तीनों वापस आ गए। 18 जुलाई को आसिफ तस्लीमा को दोबारा हथिनी कुंड बैराज पर ले गया और वहां पर उसे यमुना नदी में धक्का दे दिया। अभी युवती का शव बरामद नहीं हुआ है। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने बताया कि विजयवाड़ा में मामला दर्ज है। आरोपियों को गिरफ्तार कर हैदराबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। लड़की के शव को तलाश कराया जा रहा है।

 

Input: Daily Bihar

Abhishek

Abhishek

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment