सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में केन्द्रों पर इस बार पुलिस की तैनाती रहेगी।बोर्ड टर्म 2 परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो, इसे लेकर सीबीएसई इस बार विशेष सतर्कता बरत रही है। सीबीएसई की मांग पर माध्यमिक शिक्षा विशेष निदेशक ने शनिवार को मुजफ्फरपुर समेत सभी जिले के डीएम-पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में निर्देश दिया है।
जिले समेत अन्य जिलों के परीक्षा केन्द्रों की सूची भी भेजी गई है कि संबंधित परीक्षा केन्द्रों पर छात्र संख्या अनुपात के आधार पर पुलिस बल लगाए जाएं। माध्यमिक शिक्षा विशेष निदेशक विनोद कुमार विमल ने कहा कि सभी जिले परीक्षा केन्द्र पर पुलिस बल की तैनाती करेंगे। 26 अप्रैल से होने वाली टर्म 2 की परीक्षा को लेकर बोर्ड ने केन्द्र पर पुलिस सुरक्षा की मांग की है। इसके साथ ही परीक्षा और मूल्यांकन कार्य में लगे वाहनों को नो इंट्री जोन से निकालने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया गया है, ताकि परीक्षा सही तरीके से समय पर ली जा सके। जिले में 19 केन्द्रों पर टर्म 2 की ऑफलाइन परीक्षा होनी है।
