Uncategorized

भागलपुर में एक और संदिग्ध मौत, तीन दोस्तों ने की थी पार्टी, दो थानेदारों पर गिरी गाज, सस्पेंड

Shivam
By Shivam On March 30, 2022
0 min read 1.2k views

भागलपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में हो रही मौत और इसके पीछे शराब के सेवन की आशंकाओं का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को विवि थाना क्षेत्र के परबत्ती मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी, जबकि उसी मोहल्ले के दो अन्य युवक गंभीर रूप से बीमार हो गये. घटना को गंभीरता से लेते हुए भागलपुर एसएसपी ने मामले में कार्रवाई कर विवि थानाध्यक्ष एसआइ रीता कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. दूसरी ओर लोदीपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अमरनाथ साह को भी मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया.

परबत्ती के मजदूर विकास के परिजनों ने बताया कि शनिवार रात विकास अपने दोस्त भावेश और गौतम के साथ था. वहां से वापस लौटने के बाद सोने चला गया. सुबह उठने पर विकास को बेचैनी होने लगी. स्थानीय डाॅक्टर को बुला कर उसे पानी चढ़वाया गया. इसके बाद विकास की हालत और बिगड़ गयी. मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने बताया कि शनिवार रात विकास के साथ पार्टी कर रहे गौतम और भावेश की भी तबीयत नाजुक बनी हुई है. दोनों को मायागंज अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है. परिवार छोड़ किसी को भी दोनों से मिलने की इजाजत नहीं है.

मौत की सूचना मिलने के बाद विवि थानाध्यक्ष दलबल के साथ परबत्ती मोहल्ला पहुंचे. वहां उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने थानाध्यक्ष को घेर कर खरी खोटी सुनाई और पैसे लेकर मोहल्ले में शराब बिकवाने का गंभीर आरोप लगाया. लोगों के विरोध के बाद विवि थानाध्यक्ष एसआइ रीता कुमारी को वहां से लौटना पड़ा.

मायागंज अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि विकास अकसर अपने दोस्तों के साथ शराब का सेवन करता था. उन्हें आशंका है कि शनिवार रात भी विकास ने गौतम और भावेश के साथ मिल कर शराब पी थी. इस दौरान किसी ने दुश्मनी से उसकी शराब में कुछ मिला दिया, जिससे रविवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि तबीयत बिगड़ने के दौरान विकास की आंखों की रोशनी ठीक थी.

परबत्ती के एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत और दो के बीमार होने के मामले में शराब के सेवन का संदेह जताया जा रहा है. विवि और लोदीपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. शराब के विरुद्ध भागलपुर पुलिस का अभियान जारी है. झारखंड सहित भागलपुर से सटे अन्य जिलों में छापेमारी की जा रही है.

Shivam

Shivam

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Comment