बिहार का सीवान जिला मेधा और प्रतिभाशालियों की धरती रहा है. जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी भी नहीं है। यहां की प्रतिभाएं सीमित संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद अपने हौंसले और समर्पित प्रयास के बूते सफलता की दास्तां को लिखने के लिए सुप्रसिद्ध रही हैं।
सीवान में कुछ ऐसे कोच भी हैं जो इन प्रतिभाओं के हुनर को पहचानते है और ये प्रतिभाएं अपने हुनर का कमाल राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दिखाती है।
ऐसी ही एक प्रतिभावान महिला कबड्डी खिलाड़ी रजनी राय हैं, जिनका बिहार की टीम में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर उनके कोच मनोरंजन सिंह, सहायक कोच अभिमन्यु कुमार सिंह भी गर्व महसूस कर रहे हैं।
महिला कबड्डी खिलाड़ी रजनी राय सीवान के असाव थाना प्रखण्ड के शंकरपुर गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता परमेश्वर राय है।
सीवान कबड्डी एसोसिएशन के सचिव और शिक्षक मनोरंजन सिंह बताते हैं कि बेहद साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली रजनी के लिए संसाधन की उपलब्धता बेहद चुनौतीपूर्ण रही है लेकिन प्रतिभाशाली रजनी के पास हौसले, परिश्रम और समर्पित प्रयास की कोई कमी नहीं है।
रजनी के जज्बे ने ही उसे गांव की गलियों से खेलते खेलते आज राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर प्रदान करा दिया। उन्होंने बताया कि रजनी पूर्व में सीवान कबड्डी टीम की कैप्टन भी रही है जो अब बिहार कबड्डी टीम कि हिस्सा बन चुकी हैं।
किसी भी प्रतिभा को तराशने के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। कुशल मार्गदर्शन सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभा को निखारने में समक्ष साबित होते हैं।
ऐसे ही सीवान कबड्डी एसोसिएशन के सचिव और शिक्षक मनोरंजन सिंह के मार्गदर्शन में रजनी को विशेष सहायता मिली और वह दिन प्रतिदिन सफलता की नई सीढ़ियों पर चढ़ती जा रही है।
रजनी राय की सफलता की कहानी सीवान की अन्य प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का आधार है। सीवान कबड्डी टीम ने रजनी राय के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।
रजनी की इस सफलता पर खिलाड़ियों के खेल प्रेमी ललितेश्वर कुमार, कृष्ण कुमार सिंह,रामेश्वर सिंह, हरिकांत सिंह,अंकित मिश्रा, राजन तिवारी,संजय पाठक ने खुशी जाहिर की।
Leave a Comment