मुजफ्फरपुर। कार्यालय संवाददाता
जिले में पेट्रोल की कीमत 113. 32 व डीजल की कीमत 98.21 रुपये प्रति लीटर हो गई है। बीत 10 दिनों में पेट्रोल व डीजल की कीमत में छह- छह रुपये की बढ़ोतरी हुई है.।
दोनों के दाम में रोजाना बढ़ोतरी से लोग परेशान हैं। पेट्रोल पम्प पर तेल के लिए पहुंचने वाले लोग रोज नई कीमत सुनकर अपनी जेब टटोलने लगते हैं।
उधर, अनाज, सब्जी, रसोई गैस व खाद्य तेल के साथ पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने से आमलोगों की कमर टूटने लगी है। दोनों इंधनों की कीमत बढ़ने से लोग आने वाले लग्न में भीषण महंगाई की आशंका जता रहें है। इस कारण रोजमर्रा में उपयोग आने वाले सामान की कीमत बढ़ने लगी है। इससे रसोई का बजट भी बिगड़ने लगा है। पेट्रोल व डीजल के साथ ही रसोई गैस की कीमत भी आमलोगों के पहुंच से दूर होती जा रही है। जिले में शुक्रवार को 19 किलोग्राम वाले व्यवसायिक एलपीजी की कीमत में 276 रुपये पचास पैसे की बढ़ोतरी हुई। इससे अब व्यवसायिक एलपीजी 2226 रुपये से बढ़कर 2502 रुपये 50 पैसे हो गई है। अचानक 276 रुपये से अधिक व्यवसायिक सिलेंडर की कीमत बढ़ने से रेस्टूरेंट संचालक व उद्यमियों की परेशानी बढ़ गई है। जिले में करीब 45 हजार लोग व्यवसायिक एलपीजी गैस का उपयोग करते है। वहीं, करीब छह हजार लोग घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। 23 मार्च को महज आठ रुपये प्रति सिलेंडर की कमी के बाद कंपनियों ने सीधे 276 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ोतरी की है। सरैयागंज के होटल संचालक अमित कुमार ने बताया कि व्यवसायिक रसोई गैस की कीमत तेजी से बढ़ रही है। इससे लागत बढ़ती जा रही है। आईओसीएल के वितरक सुधीर कुमार सिन्हा ने बताया कि बुधवार से व्यवसायिक रसोई गैस की कीमत में 276 रुपये बढ़ोतरी की गई है। सप्ताह भर पूर्व घरेलू रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये बढ़ोतरी हुई थी। तब कीमत बढ़कर 997 से 1047 हो गई थी।
