लाइफ स्टाइल यूट्यूबर गौरव तनेजा को शनिवार को सेक्टर-49 कोतवाली पुलिस ने धारा-144 का उल्लंघन करने और शहर में अव्यवस्था फैलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गौरव पत्नी संग नोएडा अपना 36वां जन्मदिन मनाने आए थे।
जन्मदिन नोएडा में मनाने की सूचना यूट्यूबर ने अपने इंस्टाग्राम के जरिये फालोअर्स को दी थी। शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट में कहा गया था कि गौरव अपना जन्मदिन मनाने सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर आएंगे।
यूट्यूबर ने अपने चाहने वालों को यहीं पर मिलने के लिए बुलाया था। दोपहर एक बजे के करीब जब गौरव मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे तो वहां सैकड़ों युवक और युवती पहले से मौजूद मिले। यूट्यूबर संग तस्वीर खिंचाने के लिए लोग इंतजार करते रहे।
एडीसीपी ने बताया इसके बारे में यूट्यूबर ने पुलिस को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी थी। शहर में धारा 144 लागू की गई है। जिसके तहत किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच से अधिक लोगों को खड़े होने की अनुमति नहीं है।इसके साथ ही आरोपित यूट्यूबर के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन और अव्यवस्था फैलाने का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित यूट्यूबर के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 188 के तहत एफआईआर दर्ज की है।
चार कोच कराए थे बुक
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि यूट्यूबर ने जन्मदिन मनाने के लिए मेट्रो के चार कोच बुक किए थे। हालांकि इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। यूट्यूबर के साथ में उनकी पत्नी भी थीं।
सम्बंधित ख़बरें





गौरव तनेजा भारतीय यूट्यूबर हैं, जो अपने यूट्यूब चैनल फ्लाइंग बीस्ट के लिए जाने जाते हैं। कानपुर में जन्में गौरव एक कामर्शियल पायलट भी हैं और वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं। 2016 में गौरव ने अपना यूट्यूब चैनल फिट मसल टीवी प्रारंभ किया, था जो मुख्य रूप से फिटनेस और स्वास्थ्य के बारे में है।
उनके इस चैनल पर दो मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं। दिसंबर 2017 में उन्होंने अपना दैनिक ब्लाग यूट्यूब चैनल फ्लाइंग बीस्ट प्रारंभ किया। इस चैनल पर उनके कई लाख सब्सक्राइबर्स हैं।
घंटों जाम से जूझे लोग
बिना सूचना के सैकड़ों लोगों के जमा होने से मेट्रो स्टेशन के पास दोनों तरफ की सड़क पर रफ्तार थम गई। जाम लगने से सैकड़ों लोगों को परेशानी हुई और लोगों ने इसकी सूचना संंबंधित कोतवाली पुलिस को दी। जाम लगने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सेक्टर 49 कोतवाली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेकर लोगों की भीड़ को हटवा दिया है। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।





