नवादा में एक नव विवाहित दंपती को जान से मारने की धमकी मिल रही है। 19 साल की रजनी और 23 साल के गुड्डू ने इस साल जून में कोर्ट मैरिज की थी। लड़के का परिवार शादी से खुश है, लेकिन लड़की वालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं। अब दोनों को हत्या की धमकी मिल रही है। दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मामला कादिरगंज ओपी क्षेत्र के बेरमी गांव का है। लड़की का कहना है कि उसके माता-पिता जून में मेरी एक बुजुर्ग से शादी कराना चाह रहे थे पर मैंने अपने प्रेमी के साथ घर बसा लिया। इसके बाद से मेरे पति की हत्या की धमकी मिल रही है। दोनों ही बालिग हैं और एक ही गांव के रहने वाले हैं।

नव विवाहित दंपती ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
रजनी ने बताया कि गुड्डू के साथ उसका एक साल से प्रेम चल रहा है। जब उसने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी तो उन्होंने शादी कराने से इनकार कर दिया। फिर एक बुजुर्ग से शादी करने का दबाव बनाने लगे।
इसके बाद रजनी गुड्डू के पास आई और शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद दोनों एक मंदिर में विवाह के बंधन में बंध गए। इसके बाद कोर्ट मैरिज भी की।

गुड्डू ने बताया कि ससुराल वालों के डर से हम दोनों पति-पत्नी गांव से दूर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें





रजनी ने बताया कि शादी के बाद सब कुछ ठीक चला। पर कुछ दिन पहले मेरे मायके वालों ने पति को नवादा के शोभिया मंदिर से किडनैप कर अपने साथ ले गए। गुड्डू किसी तरह उनसे छूटकर भागा। इसके बाद से उन्हें हत्या करने की धमकी मिल रही है।
मेरे पिता राजेंद्र यादव समेत हरि यादव, विजय कुमार, गोपाल साव, मोहन यादव फोन कर पति को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
वहीं, गुड्डू ने बताया कि ससुराल वालों के डर से हम दोनों पति-पत्नी गांव से दूर रहे हैं। लड़के के परिजन इस शादी के पक्ष में हैं। जबकि लड़की के घरवाले इसका विरोध कर रह रहे हैं। इधर, नगर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है।