---Advertisement---

दिल्ली एम्स में भर्ती लालू की किडनी सिर्फ 20 प्रतिशत कर रही काम, डाक्टर बोले- खतरा अभी टला नहीं

दिल्ली एम्स में भर्ती लालू प्रसाद अब पूरी तरह ठीक होने की स्थिति में हैं, लेकिन डाक्टरों का कहना है कि खतरा टला नहीं है। उनकी किडनी सिर्फ 20 प्रतिशत ही काम कर रही है। ऐसे में उन्हें डाक्टरों की सतत निगरानी में रखना होगा। लालू को पहले से ही हार्ट और किडनी की समस्या है। कंधे की हड्डी के टूटने की बात आ रही थी, उसे एम्स के डाक्टरों ने सही नहीं पाया है। पटना के डाक्टरों ने हेयर फ्रैक्चर बताया था, जबकि दिल्ली एम्स में कहा गया है कि कंधे का ज्वाइंट अपनी जगह से थोड़ा सा हट गया है। समय के साथ यह अपने आप ठीक हो जाएगा। चोट के कारण लालू को अभी दर्द है, जिसकी दवा दी जा रही है। उन्हें अभी एम्स की निगरानी में ही रखना होगा। उनके साथ राबड़ी देवी और राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भोला यादव हैैं, जो देखरेख कर रहे हैैं।

तेजस्वी ने भ्रामक खबरों से किया सचेत

दिल्ली से शनिवार को पटना लौटे तेजस्वी यादव ने लालू के स्वास्थ्य में लगातार सुधार बताया है। पटना हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने लोगों को भ्रामक खबरों से सचेत किया है। समर्थकों के प्रति आभार जताया और कहा कि करोड़ों लोगों की शुभकामनाओं का असर है कि लालू जी का स्वास्थ्य तेजी से ठीक हो रहा है।

राजनीति छोड़ श्रीकृष्ण की शरण में तेजप्रताप

लालू प्रसाद के स्वास्थ्य के लिए तेजप्रताप यादव अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण की शरण में चले गए हैं। भावना भरे अपने ट्वीट में उन्होंने कहा है कि जबतक लालूजी ठीक होकर घर नहीं चले जाते हैं तबतक वह राजनीति नहीं करेंगे। उन्हें कुछ नहीं चाहिए। सिर्फ पापा चाहिए। पापा हैं तो सब कुछ है। पापा नहीं तो कुछ भी नहीं। उनके ठीक होने तक मैैं भगवान श्रीकृष्ण की शरण में रहूंगा। तेजप्रताप की अभिव्यक्ति में राजनीति से उनके मोहभंग होने का संदेश दिख रहा है।

---Advertisement---