---Advertisement---

ओपन कैंप से होगी 1.21 लाख सरकारी मास्टरों की बहाली, बिहार सरकार ने जारी किया शिक्षक भर्ती शिड्यूल

PATNA : 1.21 लाख शिक्षकों (प्राथमिक और हाईस्कूल) की बहाली के लिए काउंसलिंग 5 जुलाई से होगी। शुरुआत उन नियोजन इकाइयों से होगी, जहां दिव्यांग अभ्यर्थियों के आवेदन नहीं मिले हैं। बाकी जगहों पर 2 से 8 अगस्त तक काउंसिलिंग होगी। ओपन कैंप से बहाली प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसमें मेधा सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। एक अभ्यर्थी एक ही जगह काउंसिलिंग में शामिल हो पाएगा। वहीं उसके सभी ओरिजिनल सर्टिफिकेट जमा होंगे। यदि कोई डुप्लीकेट प्रमाण पत्र के आधार पर एक से अधिक नियोजन इकाइयों में नियोजन का प्रयास करेगा, तो उसकी पात्रता सभी नियोजन इकाई के लिए समाप्त हो जाएगी।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने बुधवार को शिक्षक बहाली के लिए शिड्यूल जारी कर दिया। हर नियोजन इकाई में अनुमोदित सूची के अनुसार अभ्यर्थियों को नियुक्ति संबंधी प्रमाण पत्रों के साथ बुलाया जाएगा। नियोजन इकाई काउंसिलिंग के दिन 5 बजे तक रिक्त पदों के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी करते हुए उसकी सूचना जिला मुख्यालय को देगी।

मेधा सूची का अंतिम प्रकाशन 15 तक | तय तारीख के मुताबिक औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन 2 जुलाई तक होगा। मेधा सूची पर आपत्ति 3 से 9 जुलाई तक ली जाएगी। मेधा सूची पर आपत्ति का निराकरण 12 जुलाई तक होगा। मेधा सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जुलाई तक होगा। जिला द्वारा मेधा सूची का अनुमोदन 24 जुलाई को होगा।
काउंसलिंग में ये प्रमाण पत्र जरूरी | मूल प्रमाण पत्र मैट्रिक, इंटर व स्नातक का अंक व प्रमाण पत्र, शिक्षक प्रशिक्षण का अंक व प्रमाण पत्र, टीईटी उत्तीर्णता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र।

प्रत्येक काउंसलिंग के अगले दिन नियोजन इकाई चयनित के सभी प्रमाण पत्र जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को उपलब्ध कराएंगे। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अगस्त तक छठें चरण की शिक्षक बहाली पूरी कर ली जाएगी। शिड्यूल जारी हो गया है। 2019 एसटीईटी में वैसे अभ्यर्थी, जो क्वालिफाई हैं, लेकिन मेरिट लिस्ट में नहीं हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को आगे के चरण बहाली का मौका मिलेगा।उधर, बुधवार को इन अभ्यर्थियों ने सचिवालय के सामने प्रदर्शन किया।

 

 

 

 

input – daily bihar