---Advertisement---

बिहार में ‘अग्‍न‍िपथ’ के विरोध में इतना उपद्रव आखिर क्‍यों? डिप्‍टी सीएम तार किशोर प्रसाद ने बताई अहम बात

अग्‍न‍िपथ का विरोध बिहार में उपद्रव में तब्‍दील हो गया है। अराजक और उपद्रवी तत्‍वों ने युवाओं के विरोध को उकसाकर इसे सार्वजन‍िक संपत्‍त‍ि को जलाने और बर्बाद करने का जरिया बना दिया है। राज्‍य के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने विभिन्न जिलों में अराजक तत्वों द्वारा राष्ट्रीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को गुमराह कर बिहार को अस्थिर करने की साजिश की जा रही है। विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यालय में आगजनी और भाजपा नेताओं तथा विधायकों को निशाना बनाया जा रहा है, जो निन्दनीय है। बिहार के नौजवान सभ्य और संयमी हैं। हमले और उपद्रव में शामिल लोग सेना भर्ती के अभ्यर्थी नहीं हो सकते।

नौजवानों का भविष्‍य खराब कर रहे उकसाने वाले

उन्होंने हमले की भर्त्‍सना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाना राष्ट्र की क्षति है। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नौजवानों के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अपने इतिहास और भूगोल को भूल गए हैं, जिनके शासनकाल में नौजवानों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया गया था। बिहार की जनता उन काले दिनों को अभी भूली नहीं है। बिहार के लोग ऐसे दोहरे चरित्र वाले दलों को बखूबी पहचानते और समझते भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अपने मंसूबे में कभी कामयाब नहीं होंगे।

उपद्रवियों से सख्‍ती से निपटेगी बिहार सरकार

राष्ट्रीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाले अवांछित तत्वों से बिहार सरकार सख्ती से निपटेगी। उपमुख्यमंत्री ने नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि किसी अफवाह में न आयें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने युवाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए सदैव चिंता की है और उनका मार्गदर्शन किया है। उपमुख्यमंत्री ने लोगों से धैर्य और संयम के साथ शांति बनाए रखने की अपील की है। आपको बता दें कि बिहार में दो दिनों में उपद्रवियों के खिलाफ करीब 100 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।