---Advertisement---

बिहार के शेखपुरा जिले में पुलिस पर हमला, जिप्‍सी छोड़कर भागेे खाकीवाले

शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के माऊर गांव में रविवार की रात्रि पुलिस और पब्लिक में भिड़ंत हो गई। मौके से पुलिस जिप्सी को छोड़कर भाग निकली। पुलिस पर ग्रामीणों ने एक युवक की गिरफ्तारी के दौरान पड़ोस के घरों में घुसकर गर्भवती महिला, बुजुर्ग और बच्चों से मारपीट का आरोप लगाया । वहीं पुलिस पर हमले में भी पुलिसकर्मियों को चोट लगी। पुलिस की जिप्सी को नुकसान पहुंचाया गया।

इस पूरे मामले में मिली जानकारी में बताया गया कि शनिवार की रात्रि में गांव की एक बच्ची से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया। इसकी प्राथमिकी स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई। प्राथमिकी में विजय पासवान के पुत्र रौशन पर आरोप लगाया गया । उसी युवक की गिरफ्तारी को लेकर रविवार की रात्रि पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान युवक भागने में सफल रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि फिर पुलिस ने आस-पड़ोस के घरों में धावा बोलकर महिलाओं और बच्चों सहित अन्य लोगों की पिटाई की। इसी पिटाई में सखीचंद नामक एक व्यक्ति बेहोश हो गया।

ग्रामीणों के मुताबिक सखीचंद के बेहोश होने के बाद पब्लिक उग्र हो गई और पुलिस पर धावा बोल दिया। मौके से पुलिस अपनी जिप्सी छोड़कर भागने में सफल रही। कई पुलिसकर्मियों को इस में चोट लगी। बेहोश व्यक्ति को रेफरल अस्पताल बरबीघा लाया गया जहां से इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया ।  बता दें कि बरबीघा पुलिस पर पिटाई का आरोप पहले भी लगा है। कुछ दिन पहले वीरपुर गांव में भी एक दर्जन घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट का कथित तौर पर आरोप लगा था। यहां भी पुलिस पर हमला का मामला सामने आया था।  पुलिस पर इस तरह के आरोप लगातार लग रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले में स्थानीय थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने किसी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया।

---Advertisement---