---Advertisement---

बिहार के कृष‍ि मंत्री सुधाकर सिंह पर चावल घोटाले का आरोप, सुशील मोदी ने बोला बड़ा हमला

बिहार की नई महागठबंधन सरकार के मंत्री लगातार प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के निशाने पर हैं। भाजपा एक-एक कर सरकार में शाम‍िल राजद कोटे के मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोल रही है। भाजपा के नेता राजद कोटे के मंत्रियों पर दर्ज आपराधिक मामलों को गिना रहे हैं। अब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने बिहार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है।

सुशील मोदी बोले- सुधाकर पर सरकार का 12 करोड़ रुपए बकाया 

सुशील मोदी ने प्रेस वार्ता में कहा कि 2013 में वर्तमान कृषि मंत्री पर कैमूर जिले के रामगढ़ थाने में 5.31 करोड़ रुपये के चावल घोटाले का केस दर्ज है। वर्तमान में सरकार का ब्याज समेत 12 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। इसके लिए सुधाकर सिंह को जेल भी जाना पड़ा था। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने दो बेटे और प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने अपने बेटे को मंत्री बना दिया।

लालू यादव और जगदानंद सिंह के दबाव में सीएम

सुशील मोदी ने आशंका जताई कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहीं लालू यादव और जगदानंद सिंह के दबाव में कानून ही नहीं बदल दें। जिला से लेकर हाईकोर्ट तक सुधाकर को राहत नहीं मिली, वर्तमान में भी सुप्रीम कोर्ट से सुधाकर बेल पर हैं। आपको बता दें कि सुधाकर राजद के प्रदेश अध्‍यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं और कैमूर जिले के रामगढ़ सीट से विधायक हैं। इसी सीट से जगदानंद भी राजद के विधायक हुआ करते थे।

सुशील मोदी ने कहा कि 60 लाख रुपये जमा करने पर सुधाकर को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। सुधाकर की दो कंपनियों सुन वैली राइस मिल्स और सुधाकर राइस न्यूज़ पर 2013 में राज्य खाद्य निगम ने कैमूर जिले के रामगढ़ थाने में प्राथमिकी संख्या 184/13 धारा 420, 406 के तहत मुकदमा दर्ज है। इस एफआइआर में आरोप है कि सुधाकर सिंह द्वारा 5 करोड़ 30 लाख रुपए का गबन किया गया है । यह राज्य सरकार की संपत्ति का गबन है। सुधाकर द्वारा आपराधिक कार्य किया गया है।