---Advertisement---

बिहार में गंगा पर बनेगा एक और 6 लेन पुल, सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली, दरभंगा को लाभ

गंगा पर एक और 6 लेन पुल बनने का रास्ता साफ, सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली, दरभंगा को फायदा : पटना : गंगा नदी पर एक और छह लेन पुल बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। पुल निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण को राशि मंजूर हो गई है। यह छह लेन पुल पटना के मनेर स्थित शेरपुर से छपरा के दिघवारा तक बनाया जाएगा। पटना रिंग रोड में शेरपुर से यह पुल बनेगा। राज्य सरकार ने जमीन अधिग्रहण के लिए 330 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि दो महीने के भीतर पुल निर्माण के लिए टेंडर निकाला जाएगा।

तीन साल में पुल बनाने का लक्ष्य है। इस पुल की लंबाई 11 किलोमीटी होगी। पहले यह पुल चार लेन का ही बनना था। फिर छह लेन बनाए जाने पर सहमति बनी। पुल के निर्माण कार्य पर 5900 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सांसद ने यह भी कहा कि इस पुल के बनने से राज्य सरकार को 5500 करोड़ का लाभ भी होगा।

इतने जिलों को होगा फायदा
पुल के बनने से सारण, गोपालगंज, सीवान को सबसे अधिक फायदा होगा। इनके अलावा पटना, वैशाली और दरभंगा जिले को भी काफी अधिक फायदा होगा। पुल बनने से सारण प्रमंडल का सीधा कनेक्शन बिहार एयरपोर्ट से हो जाएगा।

गंगा नदी पर बख्तियारपुर से ताजपुर तक बनेगा 4 लेन पुल
बख्तियारपुर से ताजपुर तक चार लेन पुल निर्माण के लिए मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए पुनरीक्षित इस्टीमेट 2875.20 करोड़ रुपए है। सोमवार को नीतीश कैबिनेट की बैठक में इस परियोजना को मंजूरी मिली है। वन टाइम फंड इनफ्यूजन के तहत 936 करोड़ रुपए परियोजना के बचे कार्य को पूरा करने के लिए खर्च किए जाएंगे। इस बारे में पथ निर्माण विभाग मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि 5.51 किलोमीटर लंबा पुल है।

इस पुल के साथ 45.40 किलोमीटर लंबा एप्रोच रोड भी बनाया जाना है। कार्यकारी एजेंसी ने कुछ माह पूर्व इस पुल का निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया था। इसके अलावा कैबिनेट में पटना के शेरपुर से सारण के दिघवारा के बीच गंगा नदी पर छह लेन पुल बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने के लिए कहा है। सरकार ने 316.71 करोड़ रुपए इस छह लेन पुल के निर्माण के लिए जारी किए हैं। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद शेरपुर-दिघवार पुल का निर्माण एनएचएआई द्वारा किया जाना है।